![]() |
| आयशर ट्रक CG04PQ6844 |
लखगढ़ के पास शनिवार रात करीब 12 बजे हुआ हादसा, किराना सामान से भरा ट्रक पूरी तरह जला
शनिवार रात करीब 12 बजे का दृश्यपिथौरा। शनिवार रात करीब 12 बजे लखगढ़ के पास एक चलते हुए आयशर ट्रक CG04PQ6844 में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि सड़क किनारे खड़े दूसरे ट्रक CG06GM6344 को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार आयशर ट्रक में किराना सामान लदा हुआ था। चलते वाहन में आग लगने के बाद आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और ट्रक में रखा किराना सामान जलकर नष्ट हो गया। वहीं पास में खड़े महिंद्रा ट्रक में चावल लदा था। आग की चपेट में आने से ट्रक के टायर, ऊपरी हिस्से और चावल का कुछ हिस्सा प्रभावित हुआ है।
हालांकि चावल के वास्तविक नुकसान का आंकलन अभी स्पष्ट नहीं है। ट्रक के अंदर मौजूद चावल का कितना हिस्सा प्रभावित हुआ है, यह वाहन खाली करने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। ऐसे में चावल के नुकसान को लेकर वास्तविक स्थिति जांच के बाद सामने आएगी।
![]() |
| बाहर से आया दमकल |
पिथौरा में स्थानीय दमकल नहीं, आखिर आपात स्थिति में कितनी देर?
इस घटना ने पिथौरा की अग्निशमन व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है। बताया गया कि पिथौरा में स्थानीय स्तर पर दमकल वाहन उपलब्ध नहीं है और आग बुझाने के लिए दूसरे स्थान से दमकल बुलानी पड़ी।
आग जैसी आपात स्थिति में शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे में यदि दमकल को दूसरे स्थान से बुलाना पड़े, तो आग के फैलने और नुकसान बढ़ने की आशंका बनी रहती है। इस घटना में भी बाहरी स्थान से दमकल बुलाए जाने की व्यवस्था के कारण प्रतिक्रिया समय का सवाल सामने आया है।
पिथौरा में लगातार बढ़ती आबादी, बाजार, पेट्रोल पंप, हाईवे पर वाहनों की आवाजाही और व्यावसायिक गतिविधियों को देखते हुए स्थानीय दमकल वाहन की व्यवस्था की आवश्यकता गंभीरता से महसूस की जा रही है।
बड़ा सवाल
जब पिथौरा में आग जैसी आपात स्थिति के लिए स्थानीय दमकल उपलब्ध नहीं है, तो किसी बड़ी आगजनी की घटना में राहत और बचाव कार्य कितनी तेजी से शुरू हो पाएगा?
प्रशासन को इस मामले को केवल एक घटना के रूप में नहीं, बल्कि स्थायी अग्निशमन व्यवस्था की आवश्यकता के रूप में देखना चाहिए। पिथौरा में स्थानीय दमकल वाहन, आवश्यक उपकरण और प्रशिक्षित अग्निशमन कर्मियों की व्यवस्था की मांग अब महज सुविधा का विषय नहीं, बल्कि जनसुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण सवाल है।
घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन एक ट्रक और उसमें लदा किराना सामान पूरी तरह जलने से बड़ा नुकसान हुआ है। वहीं दूसरे ट्रक में लदे चावल को कितना नुकसान हुआ, इसका वास्तविक आकलन वाहन खाली होने के बाद ही सामने आएगाl
सत्यवाहक न्यूज:-


0 टिप्पणियाँ