🔴 LIVE KHABAR
समय --:--:--
●सत्य वाहक न्यूज़ पर ताज़ा खबरें अपडेट हो रही हैं...

कमीशन का लालच देकर खुलवाए बैंक खाते, साइबर नेटवर्क तक पहुंचाए ATM-चेकबुक; आंध्र प्रदेश से आरोपी गिरफ्तार



महासमुंद पुलिस ने साइबर ठगी के नेटवर्क के खिलाफ अंतरराज्यीय कार्रवाई करते हुए आंध्र प्रदेश से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ग्रामीणों को कमीशन का लालच देकर बैंक खाते खुलवाता था और खातों से जुड़े एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक एवं सिम कार्ड साइबर अपराधियों तक पहुंचाने वाले नेटवर्क से जुड़ा था।

मामला थाना बसना के अपराध क्रमांक 452/2026 से संबंधित है। पुलिस के अनुसार ग्राम मनकी निवासी राजकुमार ताण्डी ने 20 अगस्त 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ओडिशा निवासी सुनील दुर्गा और थिमोथी छतरिया ने बैंक खाता खुलवाने पर ₹1,500 से ₹20,000 तक कमीशन दिलाने का लालच दिया था।

पुलिस के मुताबिक खाते खुलवाने के बाद कंपनी में वेरिफिकेशन कराने के नाम पर ग्रामीणों से एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक और सिम कार्ड लिए गए और इन्हें साइबर अपराधियों तक पहुंचाया गया। मामले में थाना बसना में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों सुनील दुर्गा, थिमोथी छतरिया और हेमलाल चौहान से पूछताछ तथा उपलब्ध जानकारी के आधार पर पुलिस को आंध्र प्रदेश निवासी बी. लक्ष्मणा डोरा और चंद्राराव के संबंध में जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार इन बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर फ्रॉड, शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े पैसों के लेन-देन में किया जाता था।

इसके बाद बसना पुलिस की टीम ने आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी जिले में दबिश दी। 2 अक्टूबर 2026 को पोलावरम में घेराबंदी कर बी. लक्ष्मणा डोरा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय बसना के समक्ष पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपी

बी. लक्ष्मणा डोरा, पिता बप्पी राजू, उम्र 30 वर्ष, निवासी बोडीगुडेम, पोलावरम मंडलम, जिला पश्चिम गोदावरी, आंध्र प्रदेश।

पूर्व में गिरफ्तार आरोपी

  • सुनील दुर्गा
  • थिमोथी छतरिया
  • हेमलाल चौहान

जब्त सामग्री

  • संबंधित बैंक पासबुक
  • एटीएम कार्ड
  • मोबाइल फोन

सत्यवाहक न्यूज़
महासमुंद | पिथौरा

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ