🔴 LIVE KHABAR
समय --:--:--
●सत्य वाहक न्यूज़ पर ताज़ा खबरें अपडेट हो रही हैं...

अवैध रेत परिवहन पर खनिज विभाग का शिकंजा, 9 वाहन जब्त

 



5 ट्रैक्टर बरबसपुर और 4 हाइवा चिंगरौद से पकड़े गए, तुमगांव और महासमुंद पुलिस की अभिरक्षा में रखे गए वाहन

महासमुंद। जिले में रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर चलाए जा रहे जांच अभियान के तहत खनिज विभाग की टीम ने दो अलग-अलग कार्रवाई में कुल 9 वाहन जब्त किए हैं। इनमें 5 ट्रैक्टर और 4 हाइवा शामिल हैं।



बरबसपुर में 5 ट्रैक्टर जब्त

खनिज विभाग की टीम ने 5 अक्टूबर 2026 को ग्राम बरबसपुर में रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन की सूचना पर कार्रवाई की। टीम को मौके पर देखकर कुछ ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगे। खनिज अमले ने कार्रवाई करते हुए मौके से 5 ट्रैक्टर जब्त किए।

ग्राम पंचायत के सहयोग से जब्त वाहनों को तुमगांव पुलिस की अभिरक्षा में रखा गया है। जब्त वाहनों में टंकेश्वर पिता रामू साहू का लाल रंग का ट्रॉली वाला ट्रैक्टर, अज्ञात के ट्रैक्टर क्रमांक CG22K3893 एवं CG06GK3932, चिंताराम साहू का महिंद्रा बी-275 तथा ट्रैक्टर क्रमांक CG06PC5059 शामिल हैं।

चिंगरौद में रात 2 बजे कार्रवाई, 4 हाइवा जब्त

इसी तरह 6 अक्टूबर 2026 की रात करीब 2 बजे ग्राम चिंगरौद से रेत के अवैध परिवहन की शिकायत खनिज विभाग को मिली। शिकायत पर खनिज अमले ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रेत से भरे 4 हाइवा वाहन जब्त किए।

जब्त वाहनों में बलवंत सिंह पिता सुखदेव सिंह का हाइवा क्रमांक CG04QP2224, ओंकार साहू पिता शिव कुमार साहू का CG09JU1014, किशन साहू पिता राम साहू का CG22AF8411 तथा भूपेंद्र साहू पिता गोविंदराम साहू का CG25N3311 शामिल है।

सभी जब्त हाइवा वाहनों को थाना महासमुंद की अभिरक्षा में रखा गया है।

नियमों के तहत होगी कार्रवाई

खनिज विभाग के अनुसार जब्त किए गए सभी वाहनों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

सत्यवाहक न्यूज

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ