बागबाहरा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बागबाहरा नगर के वार्ड क्रमांक 06 स्थित लालपुर आंगनबाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अल्का चंद्राकर उपस्थित रहीं।
इस दौरान अल्का चंद्राकर ने आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर गर्भवती महिलाओं एवं छोटे बच्चों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण तथा आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से मिल रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली और उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं पर संवाद किया।
कार्यक्रम के दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता, पोषण और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
अल्का चंद्राकर ने कहा कि जनसेवा का वास्तविक उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी जरूरतों को समझना और समाधान की दिशा में निरंतर प्रयास करना है। आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण और महिलाओं के स्वास्थ्य से सीधे जुड़ा महत्वपूर्ण केंद्र है, इसलिए यहां मिलने वाली सुविधाओं की नियमित जानकारी लेना और आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करना जरूरी है।
‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम के माध्यम से मातृ स्वास्थ्य, सुपोषित बचपन और स्वस्थ समाज के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया गया l
सत्यवाहक न्यूज


0 टिप्पणियाँ