नवरात्रि में भक्ति, गरबा और डांडिया का दिखेगा भव्य संगम, आकर्षक पंडाल व लाइट-डेकोरेशन रहेगा खास आकर्षण
पिथौरा। नगर की पॉश कॉलोनी अंजलि विहार में इस नवरात्रि भक्ति और उल्लास का भव्य नजारा देखने को मिलेगा। आगामी मां दुर्गा उत्सव एवं रास-गरबा महोत्सव को लेकर अंजलि विहार कॉलोनी दुर्गा उत्सव एवं रास-गरबा समिति ने तैयारियों का श्रीगणेश कर दिया है। शनिवार को विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ।
पंडित नरेश शुक्ला ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमिपूजन कराया। भूमिपूजन के साथ ही नवरात्रि महोत्सव की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। समिति के अनुसार इस वर्ष मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा के साथ आकर्षक एवं विशाल पंडाल तैयार किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए नौ दिनों तक विशेष धार्मिक आयोजन होंगे।
वहीं रास-गरबा और डांडिया के लिए विशेष मंच तैयार करने के साथ आकर्षक लाइट-डेकोरेशन की व्यवस्था की जा रही है। समिति का कहना है कि इस वर्ष आयोजन को पिछले वर्षों की तुलना में और अधिक भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने की तैयारी है।
भक्ति के साथ संस्कृति और उत्सव का रंग
नवरात्रि के दौरान अंजलि विहार में धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, रास-गरबा एवं डांडिया विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। पिछले वर्षों में भी यहां आयोजित गरबा महोत्सव ने क्षेत्रवासियों का ध्यान आकर्षित किया है। इस बार आयोजन को लेकर समिति के सदस्यों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
भूमिपूजन कार्यक्रम में समिति के प्रमुख संरक्षक आत्माराम यादव, अध्यक्ष पुनीत सिन्हा सहित वरिष्ठ सदस्य उमेश दीक्षित, राजेंद्र सिन्हा, राजेश मिश्रा, अनिल सोई, रमेश सिन्हा, गुरुचरण सिंह सलूजा, यू.के. दास, सुभाष अग्रवाल, अमृत पटेल, मनीष (मोनू) अग्रवाल, रामकृष्ण मने, गौतम साहू, कुलजीत आजमानी, टिकेन्द्र प्रधान, राजेश भोई, टेकू साहू, आकाश सिन्हा, विनोद सिन्हा, राम उजाला, परमेश्वर डड़सेना, ओम सिन्हा, विनय गाड़िया एवं आर.के. पंडा सहित समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
नवरात्रि के आगमन से पहले ही अंजलि विहार में भक्ति और उत्सव का माहौल बनने लगा है। अब नवरात्रि के दौरान यहां सजेगा भव्य पंडाल, गूंजेंगे माता के जयकारे और गरबा-डांडिया की धुन पर थिरकेंगे शहरवासी।
सत्यवाहक न्यूज


0 टिप्पणियाँ