🔴 LIVE KHABAR
समय --:--:--
●सत्य वाहक न्यूज़ पर ताज़ा खबरें अपडेट हो रही हैं...

नवपदस्थ BRCC नरेश पटेल का शिक्षक फेडरेशन ने किया भव्य स्वागत, टीम भावना से शिक्षा व्यवस्था को नई गति देने का संकल्प

 



ब्लॉक अध्यक्ष कमलेश नायक के नेतृत्व में जुटा शिक्षक परिवार, फेडरेशन ने जताई बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था की उम्मीद

पिथौरा। विकासखंड पिथौरा में नवपदस्थ ब्लॉक रिसोर्स सेंटर कोऑर्डिनेटर (BRCC) नरेश पटेल का सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन, ब्लॉक इकाई पिथौरा द्वारा आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया। गुरुवार को आयोजित स्वागत कार्यक्रम में फेडरेशन के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर नरेश पटेल को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

कार्यक्रम में शिक्षक परिवार के बीच उत्साह और अपनत्व का माहौल रहा। ब्लॉक अध्यक्ष कमलेश नायक के नेतृत्व में आयोजित इस स्वागत समारोह में फेडरेशन के पदाधिकारियों ने नवपदस्थ BRCC से विकासखंड की शैक्षणिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण में सकारात्मक भूमिका की उम्मीद जताई।

‘टीम भावना से करेंगे काम’

ब्लॉक अध्यक्ष कमलेश नायक ने कहा कि नरेश पटेल के अनुभव का लाभ पिथौरा की शिक्षा व्यवस्था को मिलेगा। उन्होंने कहा कि समग्र शिक्षा, FLN (Foundational Literacy and Numeracy) सहित विद्यालयों से जुड़े विभिन्न शैक्षणिक विषयों में बेहतर समन्वय की आवश्यकता है। फेडरेशन शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सकारात्मक सहयोग के साथ उनके साथ खड़ा रहेगा।

महिला प्रकोष्ठ की ब्लॉक अध्यक्ष श्रीमती पुष्पलता पटेल ने भी नवपदस्थ BRCC को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी शिक्षकों को साथ लेकर बेहतर कार्य वातावरण बनाने की उम्मीद है।

शिक्षा की गुणवत्ता और शिक्षक सम्मान प्राथमिकता: नरेश पटेल

स्वागत से अभिभूत नवपदस्थ BRCC नरेश पटेल ने फेडरेशन के सभी पदाधिकारियों एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों द्वारा दिए गए सम्मान के लिए वे सभी के आभारी हैं। शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, विद्यालयों के उन्नयन और शिक्षकों के सम्मान को प्राथमिकता देते हुए कार्य करने का प्रयास रहेगा।

उन्होंने कहा कि प्रशासन और शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए टीम भावना के साथ काम किया जाएगा, ताकि पिथौरा विकासखंड की शैक्षणिक व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।

बड़ी संख्या में शिक्षक रहे मौजूद

स्वागत कार्यक्रम में महिला प्रकोष्ठ ब्लॉक अध्यक्ष श्रीमती पुष्पलता पटेल, श्रीमती सिन्हा, प्रांतीय सदस्य प्रदीप पटेल, प्रांतीय अनुशासन समिति सदस्य दिनेश नायक, जिला सदस्य लोकनाथ सिन्हा एवं किशोर पटेल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष केशव पटेल, ब्लॉक कोषाध्यक्ष दामोदर यादव, संरक्षक परमेश्वर डडसेना, ब्लॉक सहसचिव छविराम बघेल, सहसचिव हीरालाल साहू, नितेश साहू, अरविंद नायक, गंगा दास साहू, आनंद राम भोई, मुन्नालाल ध्रुव, श्याम कुमार पटेल, अशोक पटेल, राधेश्याम पटेल, शैलेन्द्र दीवान सहित बड़ी संख्या में सहायक शिक्षक एवं समग्र शिक्षक साथी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर शिक्षक फेडरेशन के सदस्यों ने आपसी समन्वय, एकजुटता और टीम भावना के साथ शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने का संकल्प लेते हुए नवपदस्थ BRCC नरेश पटेल के सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

सत्यवाहक न्यूज

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ