🔴 LIVE KHABAR
समय --:--:--
●सत्य वाहक न्यूज़ पर ताज़ा खबरें अपडेट हो रही हैं...

पीएम मोदी ने ‘सूर्यपथ तिरंगा’ अभियान और नशामुक्ति का दिया संदेश, पिथौरा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुनी ‘मन की बात’

सांसद प्रतिनिधि निज निवाश


पिथौरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड के माध्यम से देशवासियों को संबोधित किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने ‘सूर्यपथ तिरंगा’ अभियान, नशे के खिलाफ जागरूकता, स्वच्छता, जनभागीदारी और युवाओं के प्रयासों सहित विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए।



इसी कड़ी में पिथौरा के बूथ क्रमांक 20 में भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष देवेश निषाद, वरिष्ठ पार्षद मन्नू लाल ठाकुर, सांसद प्रतिनिधि मनमीत (रिक्की) छाबड़ा, पूर्व मंडल अध्यक्ष नरेश सिंघल, पार्षद रामकुवार सिन्हा, एल्डरमैन किशोर पटेल, वरिष्ठ भाजपा नेता रैदास गोयल, भाजपा नेता रमेश पटेल, इंद्रेश्वर सिन्हा  एवं सामाजिक कार्यकर्ता बाबा चंद्रु सहित भाजपा पिथौरा मंडल के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

शौक को अवसर में बदलने की प्रेरक कहानी

प्रधानमंत्री मोदी ने नगालैंड के फेक जिले की वेसालु पुरो का उदाहरण देते हुए बताया कि किस तरह किसी छोटे शौक को मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन के माध्यम से नई संभावनाओं में बदला जा सकता है। उन्होंने बताया कि वेसालु ने फूलों के प्रति अपने लगाव को व्यवसाय का रूप देते हुए वैज्ञानिक तरीके से फूलों की खेती शुरू की। उनके उत्पाद अब नगालैंड से दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े शहरों तक पहुंच रहे हैं।

अमरनाथ यात्रा में स्वच्छता और जनभागीदारी की सराहना

‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने अमरनाथ यात्रा के दौरान चलाए गए स्वच्छता अभियान का भी उल्लेख किया। उन्होंने यात्रा के दौरान बड़ी मात्रा में कचरे के संग्रहण और प्रसंस्करण के साथ यात्रियों की स्वच्छता के प्रति भागीदारी की सराहना की। साथ ही घोड़ों और खच्चरों के गोबर से बायोगैस तैयार कर उससे ‘स्वच्छ ज्योत’ प्रज्ज्वलित किए जाने के प्रयोग का भी जिक्र किया।

युवाओं के स्वच्छता अभियान का किया उल्लेख

प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के पटवाई गांव के युवाओं आकाश और रोहन के स्वच्छता अभियान का भी उल्लेख किया। दोनों युवाओं ने अपने क्षेत्र में सफाई अभियान की शुरुआत की, जिससे प्रेरित होकर कई अन्य युवा भी उनसे जुड़े। इसके बाद ‘क्लीन-अप पटवाई’ टीम का गठन हुआ। प्रधानमंत्री के अनुसार टीम द्वारा गंगा घाटों की सफाई के साथ बड़ी मात्रा में प्लास्टिक कचरा हटाने का कार्य किया गया है।

स्वच्छता और नशामुक्ति का संकल्प

‘मन की बात’ के सामूहिक श्रवण के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संदेशों को ध्यानपूर्वक सुना। कार्यक्रम के बाद कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता, नशामुक्ति, सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी जैसे विषयों को समाज तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

सत्यवाहक न्यूज

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ