महासमुंद। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो कथित शराब कोचियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 24 लीटर हाथभट्टी महुआ शराब, जिसकी कुल कीमत 4,800 रुपये बताई गई है, जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम नयापारा, वार्ड क्रमांक 11 में कार्रवाई की गई।
15 लीटर महुआ शराब जब्त
पहले मामले में पुलिस ने घांसू मेहर (50 वर्ष), पिता टीकेलाल मेहर, निवासी नयापारा के घर दबिश दी। तलाशी के दौरान तीन पीले रंग के 5-5 लीटर क्षमता वाले जरिकेन में कुल 15 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत करीब 3,000 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 485/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
9 लीटर शराब के साथ दूसरा आरोपी गिरफ्तार
दूसरे मामले में इसी क्षेत्र के नरसिंग मेहर (50 वर्ष), पिता स्व. भानु मेहर के घर-बाड़ी में पुलिस ने दबिश दी। तलाशी के दौरान दो जरिकेन में बिक्री के लिए रखी 9 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत 1,800 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 486/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
कुल 24 लीटर शराब जब्त
सिटी कोतवाली पुलिस की दोनों कार्रवाइयों में कुल 24 लीटर हाथभट्टी महुआ शराब, जिसकी कुल कीमत 4,800 रुपये है, जब्त की गई। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
सत्यवाहक न्यूज
.jpg)
0 टिप्पणियाँ