🔴 LIVE KHABAR
समय --:--:--
●सत्य वाहक न्यूज़ पर ताज़ा खबरें अपडेट हो रही हैं...

बसना में 6.40 किलो गांजा जब्त, विधि से संघर्षरत बालक पुलिस अभिरक्षा में

 



बसना। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बसना पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) की टीम ने अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट पलसापाली में कार्रवाई करते हुए 6.40 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने गांजा, स्कूटी और मोबाइल फोन सहित कुल 3 लाख 90 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार वाहन जांच और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 29 अगस्त को थाना बसना पुलिस एवं ANTF की टीम द्वारा पदमपुर रोड स्थित ग्राम पलसापाली बैरियर के अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट पर आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही थी।

इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि ओडिशा के पदमपुर की ओर से एक एक्टिवा स्कूटी क्रमांक OD 03-AE-8907 में दो व्यक्ति गांजा लेकर बसना की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर चेक पोस्ट पर तैनात टीम को सतर्क किया गया। कुछ देर बाद संदिग्ध स्कूटी के पहुंचने पर पुलिस ने वाहन सवार विधि से संघर्षरत बालक को पकड़कर पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में बालक ने अपना निवास खेरमंडीगढ़, थाना घंटापाड़ा, जिला बौद्ध (ओडिशा) बताया। स्कूटी की तलाशी लेने पर पैरदान के पास रखी प्लास्टिक बोरी से 6.40 किलो गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में बालक ने पुलिस को बताया कि वह बौद्ध, ओडिशा से गांजा लेकर बसना में रोशन मांझी नामक व्यक्ति तक पहुंचाने जा रहा था। पुलिस ने बरामद गांजे को जब्त कर मामले में विधि के अनुसार कार्रवाई की है।

3.90 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

पुलिस द्वारा जब्त की गई संपत्ति में 3 लाख रुपये कीमत का 6.40 किलो गांजा, 80 हजार रुपये कीमत की एक्टिवा स्कूटी और 10 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन शामिल है। पुलिस के अनुसार जब्त संपत्ति की कुल कीमत 3 लाख 90 हजार रुपये है।

पुलिस ने मामले में विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की है। वहीं, गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और बताए गए संपर्क व्यक्ति के संबंध में भी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।

सत्यवाहक न्यूज

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ