![]() |
| नव निर्वाचित अध्यक्ष,व्यापारी एकता मंचा |
महज 4 वोटों से सुमित अग्रवाल को दी मात, दिलप्रीत खनूजा उपाध्यक्ष, इंद्रजीत सिन्हा सचिव और कुलवंत राजा खनूजा कोषाध्यक्ष निर्वाचित
पिथौरा। महासमुंद जिले के पिथौरा में व्यापारी एकता मंच के इतिहास में पहली बार चुनाव संपन्न हुआ। अग्रवाल धर्मशाला में बनाए गए मतदान केंद्र में व्यापारियों ने उत्साह के साथ मतदान किया। अध्यक्ष पद के लिए हुए रोमांचक मुकाबले में गोपाल शर्मा ने सुमित अग्रवाल को महज 4 मतों के अंतर से पराजित कर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।
कुल 295 मतदाताओं में से 290 व्यापारियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे मतदान प्रतिशत 98.30 फीसदी रहा। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पीठासीन अधिकारी नियुक्त किए गए थे। मतदान केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहा, वहीं स्काउट गाइड की भी सहायता ली गई। चुनाव की पूरी प्रक्रिया नगर पंचायत चुनाव की तर्ज पर कराई गई।
अध्यक्ष पद पर रहा रोमांचक मुकाबला
अध्यक्ष पद के लिए गोपाल शर्मा और सुमित अग्रवाल के बीच सीधा मुकाबला रहा। मतगणना में गोपाल शर्मा को 147 मत, जबकि सुमित अग्रवाल को 143 मत प्राप्त हुए। इस तरह गोपाल शर्मा ने 4 मतों के करीबी अंतर से जीत हासिल की।
ये रहा पदवार चुनाव परिणाम
- अध्यक्ष: गोपाल शर्मा — 147 मत (विजयी), सुमित अग्रवाल — 143 मत
- उपाध्यक्ष: दिलप्रीत खनूजा — 158 मत (विजयी), राजेश एरन — 132 मत
- सचिव: इंद्रजीत सिन्हा — 162 मत (विजयी), कुलजीत अजमानी — 128 मत
- कोषाध्यक्ष: कुलवंत राजा खनूजा — 162 मत (विजयी), विजय गोयल — 128 मत
चुनाव में कुल 295 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 290 ने मतदान किया। खास बात यह रही कि एक भी मतपत्र निरस्त नहीं हुआ और रिजेक्ट वोटों की संख्या शून्य रही।
व्यापारी एकता मंच का यह पहला चुनाव होने के कारण व्यापारियों के बीच पूरे दिन उत्सुकता बनी रही। मतदान से लेकर मतगणना और परिणाम घोषित होने तक मुकाबले को लेकर चर्चाओं का दौर चलता रहा। परिणाम सामने आने के बाद विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा।
सत्यवाहक न्यूज


0 टिप्पणियाँ