महासमुंद। ग्राम पाली में लोधी समाज द्वारा वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी जी की जयंती के अवसर पर भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महासमुंद लोकसभा सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर सांसद श्रीमती चौधरी के करकमलों से लोधी समाज के भवन निर्माण के लिए विधिवत भूमिपूजन संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री हीरापनुरिया, जिला अध्यक्ष लोधी समाज ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात लोधी समाज की ओर से उपस्थित अतिथियों का पुष्पगुच्छ, शाल एवं स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर आत्मीय एवं गरिमापूर्ण सम्मान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी के साहस, शौर्य और देशभक्ति को याद करते हुए उनके जीवन एवं संघर्ष से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। जयंती समारोह के माध्यम से समाज की एकता, सामाजिक सहभागिता एवं युवा पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर श्री भीखम सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष जिला पंचायत महासमुंद, श्री थान सिंह दीवान, भाजपा जिला महामंत्री, श्री पीलेश्वर पटेल, भाजपा किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष, श्री भुनेश्वर लोधी, सरपंच ग्राम पाली, श्री पदूम साहू झारा, श्री नंदकुमार निषाद, श्री लक्ष्मी साहू, श्री पुरन शबर एवं श्री हीरा साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाज के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में लोधी समाज की मातृशक्ति, वरिष्ठजनों, युवाओं एवं बड़ी संख्या में समाजबंधुओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। सामूहिक सहभागिता और उत्साह के साथ आयोजित यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



0 टिप्पणियाँ