रूपकुमारी चौधरी बनीं भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष, बोलीं—‘संगठन सर्वोपरि, राष्ट्र प्रथम’
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री एवं महासमुंद लोकसभा सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर उन्होंने इसे अपने लिए केवल सम्मान नहीं, बल्कि देश की करोड़ों मातृशक्ति के विश्वास और संगठन की अपेक्षाओं को पूरा करने की बड़ी जिम्मेदारी बताया।
रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा से जुड़कर संगठन और राष्ट्रसेवा के लिए कार्य करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य रहा है। अब महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व मिलना उनके लिए गौरव के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सदैव ‘आधी आबादी, पूरा अधिकार’ के संकल्प के साथ महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान, सुरक्षा, समान अवसर और सशक्त भागीदारी के लिए प्रतिबद्ध रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘नारी शक्ति’ को राष्ट्रशक्ति बनाने के अभियान को संगठन के माध्यम से और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प उन्होंने व्यक्त किया।
रूपकुमारी चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के मार्गदर्शन और नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के मार्गदर्शन, स्नेह और विश्वास के लिए भी हृदय से आभार जताया।
उन्होंने कहा कि देशभर की बहनों को संगठन से जोड़ते हुए उनके अधिकारों और आकांक्षाओं को आवाज देना तथा विकसित भारत के निर्माण में मातृशक्ति की निर्णायक भूमिका सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
रूपकुमारी चौधरी ने कहा— “संगठन सर्वोपरि, राष्ट्र प्रथम और नारी शक्ति—राष्ट्र शक्ति हमारा संकल्प है। माँ भारती की सेवा ही मेरा संकल्प है।”
भारत माता की जय।
जय भाजपा।

0 टिप्पणियाँ