🔴 LIVE KHABAR
समय --:--:--
●सत्य वाहक न्यूज़ पर ताज़ा खबरें अपडेट हो रही हैं...

झालखम्हरिया में दो दिवसीय स्वास्थ्य शिविर, ग्रामीणों की जांच और नमूना संग्रह जारी

 



पीएम जनमन वाहन से गांव में ही मिल रही आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं, जांच रिपोर्ट के आधार पर मरीजों को किया जाएगा रेफर

महासमुंद, 31 अगस्त 2026। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार ग्राम झालखम्हरिया 43 में स्वास्थ्य विभाग द्वारा दो दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ विभिन्न आवश्यक जांचों के लिए नमूने भी एकत्र किए जा रहे हैं।

शिविर का आयोजन ग्राम पंचायत भवन झालखम्हरिया में किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा ग्रामीणों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी लेकर आवश्यक जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर मरीजों को आवश्यक उपचार प्रदान किया जाएगा तथा जरूरत पड़ने पर उन्हें उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में आगे की जांच एवं उपचार के लिए रेफर किया जाएगा।

स्वास्थ्य टीम ने किया शिविर का निरीक्षण

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्राम झालखम्हरिया का भ्रमण कर स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों एवं मरीजों से मुलाकात कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी ली। साथ ही चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव ने ग्रामीणों से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तत्काल स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करें और समय पर जांच एवं उपचार कराएं।

पीएम जनमन वाहन से गांव में स्वास्थ्य सुविधा

ग्रामीणों को उनके गांव में ही आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पीएम जनमन वाहन को भी झालखम्हरिया में तैनात किया गया है। वाहन के माध्यम से ग्रामीणों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं और जांच संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

शिविर के दौरान जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वी.पी. सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक नीलू धूतलहरे, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास चंद्राकर, सीपीएम राहुल ठाकुर, बीपीएम सुरेंद्र चंद्राकर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

शिविर के आयोजन में ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती अनेश्वरी चंद्राकर एवं पंचायत प्रतिनिधियों का भी सहयोग मिल रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे शिविर में पहुंचकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण अवश्य कराएं तथा चिकित्सकों की सलाह एवं आवश्यक जांच में सहयोग करें।

सत्यवाहक न्यूज

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ