महासमुंद जिले में उत्कल एवं उड़िया भाषी समाज की मांग पर कलेक्टर ने की अवकाश की घोषणा
महासमुंद जिले में उत्कल एवं उड़िया भाषी समाज की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए नुआखाई पर्व पर अवकाश घोषित किया गया है। रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरंदर मिश्रा की पहल पर महासमुंद कलेक्टर विनय लंगेह ने आगामी 15 सितंबर, मंगलवार को नुआखाई एवं ऋषि पंचमी पर्व के अवसर पर अवकाश की घोषणा की है।
विधायक पुरंदर मिश्रा ने कलेक्टर को पत्र लिखकर नुआखाई पर्व पर अवकाश घोषित करने का आग्रह किया था। उन्होंने बताया कि महासमुंद जिले में उत्कल समाज एवं उड़िया भाषी लोगों की बड़ी संख्या निवास करती है। नुआखाई उनके लिए महत्वपूर्ण पारंपरिक एवं सामाजिक पर्व है, जिसे परिवार और समाज के लोग एकजुट होकर हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं।
विधायक मिश्रा ने दूरभाष के माध्यम से भी कलेक्टर से चर्चा कर इस वर्ष 15 सितंबर को नुआखाई पर्व मनाए जाने की जानकारी देते हुए अवकाश घोषित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि नुआखाई केवल धार्मिक पर्व ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से गहराई से जुड़ा महत्वपूर्ण उत्सव है, जिसमें समाज के लोगों की व्यापक सहभागिता रहती है।
मामले में कलेक्टर विनय लंगेह ने तत्काल निर्णय लेते हुए 15 सितंबर, मंगलवार को नुआखाई एवं ऋषि पंचमी के अवसर पर अवकाश घोषित कर दिया।
अवकाश की घोषणा पर पिथौरा उत्कल समाज एवं उड़िया भाषी समाज के लोगों ने विधायक पुरंदर मिश्रा सहित जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उत्कल समाज के अध्यक्ष यू.के. दास, संरक्षक पी.सी. त्रिपाठी, प्याले लाल मिश्रा, पी.सी. सामंतराय, राधेश्याम पांडे, रामचंद्र मिश्रा, अरुण कुमार देवता, नवीन पंडा, महिला मंच अध्यक्ष श्रीमती शोभा त्रिपाठी, श्रीमती नीना दास, पुष्पा दास, सुषमा पुरोहित, गीता महापात्र, जयंती देवता, जयंत महापात्र, शंभू शंकर मिश्रा, नित्यानंद पंडा, राजेंद्र नंदे, योगेंद्र पंडा, मिनीकेतन दास, राजेंद्र पुरोहित सहित समाज के अनेक लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की।

0 टिप्पणियाँ