बिरनापारा के वार्ड 8 और 9 में प्रभावित उपभोक्ताओं से की मुलाकात, आवेदन लेकर निराकरण की मांग
बागबहारा। खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने बिरनापारा के वार्ड क्रमांक 8 एवं 9 में पहुंचकर स्मार्ट मीटर से संबंधित समस्याओं को लेकर प्रभावित बिजली उपभोक्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनीं और बढ़े हुए बिजली बिल से संबंधित शिकायतों के आवेदन प्राप्त किए।
वार्डवासियों ने विधायक को बताया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिल में बढ़ोतरी की समस्या सामने आ रही है, जिससे उपभोक्ताओं को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर की व्यवस्था को लेकर अपनी आपत्तियां भी विधायक के समक्ष रखीं।
विधायक द्वारिकाधीश यादव ने उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए बिजली विभाग से मामले की जांच कर प्रभावित उपभोक्ताओं को राहत दिलाने की मांग की। उन्होंने स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर लगाए जाने की मांग भी रखी, ताकि उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान हो सके।
विधायक यादव ने कहा कि जनता की समस्या उनकी जिम्मेदारी है। जनहित से जुड़े हर मुद्दे पर वे जनता के साथ खड़े हैं और उपभोक्ताओं के अधिकारों एवं उनकी समस्याओं को उचित मंच पर मजबूती से उठाते रहेंगे।
इस दौरान वार्ड के अनेक उपभोक्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
सत्यवाहक न्यूज


0 टिप्पणियाँ