🔴 LIVE KHABAR
समय --:--:--
●सत्य वाहक न्यूज़ पर ताज़ा खबरें अपडेट हो रही हैं...

फॉरेस्ट रेस्ट हाउस में गरजा गोपाल शर्मा का पैनल, व्यापारी हितों को लेकर किया एकजुटता का दावा

 



पिथौरा। स्थानीय फॉरेस्ट रेस्ट हाउस में मंगलवार को गोपाल शर्मा के पैनल ने प्रेस वार्ता के माध्यम से चुनावी अभियान का आगाज किया। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी गोपाल शर्मा के नेतृत्व में आयोजित प्रेस वार्ता में उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी राजेश ऐरन, सचिव पद के प्रत्याशी इंद्रजीत सिन्हा और कोषाध्यक्ष पद के प्रत्याशी कुलवंत राजा खनुजा मौजूद रहे। चारों प्रत्याशियों ने एकजुटता प्रदर्शित करते हुए व्यापारियों के हितों में काम करने और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

“अध्यक्ष नहीं, व्यापारियों का सेवक बनकर करूंगा काम”

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अध्यक्ष पद के प्रत्याशी गोपाल शर्मा ने कहा कि वे अध्यक्ष के रूप में नहीं, बल्कि पिथौरा के व्यापारियों के सेवक के रूप में काम करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारी हितों से जुड़े किसी भी मुद्दे पर उनका पैनल मजबूती से आवाज उठाएगा। उन्होंने व्यापारी समाज के मान-सम्मान और अधिकारों की रक्षा को अपनी प्राथमिकता बताया।

गोपाल शर्मा ने कहा कि नगर में चिल्लर की समस्या के समाधान के लिए पूर्व में बैंक अधिकारियों से चर्चा की गई थी और आगे भी व्यापारियों को लेन-देन में होने वाली परेशानियों को दूर करने के लिए प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने संगठन को व्यापारी हितों पर केंद्रित रखते हुए व्यापारी एकता को और मजबूत करने की बात कही।

पार्किंग, अतिक्रमण और सुरक्षा के मुद्दे उठाए

उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी राजेश ऐरन ने कहा कि पैनल का उद्देश्य सभी वर्गों के व्यापारियों को एक मंच पर लाना है। उन्होंने बाजार में पार्किंग, अतिक्रमण और सुरक्षा जैसी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल करने की बात कही।

सचिव पद के प्रत्याशी इंद्रजीत सिन्हा ने संगठन में पारदर्शिता को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि संगठन के महत्वपूर्ण निर्णयों में व्यापारियों की राय को महत्व दिया जाएगा तथा शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ व्यापारियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

वहीं कोषाध्यक्ष पद के प्रत्याशी कुलवंत राजा खनुजा ने संगठन के आर्थिक मामलों में पारदर्शिता का भरोसा दिलाते हुए कहा कि कोष की आय-व्यय का स्पष्ट हिसाब व्यापारियों के सामने रखा जाएगा।

30 अगस्त को मतदान, व्यापारियों से समर्थन की अपील

प्रेस वार्ता के अंत में गोपाल शर्मा के पैनल ने व्यापारियों से चुनाव में समर्थन की अपील की। पैनल के अनुसार मतदान 30 अगस्त 2026 को अग्रसेन भवन, पिथौरा में सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक प्रस्तावित है।

चारों प्रत्याशियों ने व्यापारी बंधुओं से अपने पैनल के पक्ष में मतदान कर विजयी बनाने की अपील की। चुनाव को लेकर पिथौरा के व्यापारी संगठन में राजनीतिक सरगर्मी तेज होती नजर आ रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ