🔴 LIVE KHABAR
समय --:--:--
●सत्य वाहक न्यूज़ पर ताज़ा खबरें अपडेट हो रही हैं...

गरियाबंद में 400 किलो गांजा जब्त, 5 आरोपी गिरफ्तार

 



करीब 2 करोड़ रुपए की गांजे की खेप पकड़ी गई, 6.50 लाख कैश समेत आयशर वाहन और बाइक जब्त

गरियाबंद। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत देवभोग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। खुटगांव अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर पुलिस ने एक आयशर वाहन से करीब 400 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपए है। मामले में कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 6.50 लाख रुपए नकद, तस्करी में इस्तेमाल आयशर वाहन, एक बाइक और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में गांजे की खेप ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाए जाने की बात सामने आई है।



तिरपाल के नीचे छिपाकर रखे थे पैकेट

जानकारी के अनुसार देवभोग थाना क्षेत्र के खुटगांव चेक पोस्ट पर पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रहे महाराष्ट्र पासिंग आयशर वाहन को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान वाहन की छत पर काले तिरपाल के नीचे संदिग्ध पैकेट दिखाई दिए। जांच करने पर पैकेटों में गांजा मिला। वजन कराने पर कुल मात्रा करीब 400 किलो बताई गई।

पायलटिंग कर रही बाइक भी पकड़ी

पुलिस की पूछताछ में कथित तौर पर सामने आया कि गांजा लदे वाहन के आगे एक बाइक चल रही थी। बाइक सवार रास्ते में पुलिस की गतिविधियों और चेकिंग की जानकारी पीछे आ रहे वाहन तक पहुंचा रहे थे।

इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर बाइक सवार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। पूछताछ के आधार पर पुलिस टीम ने ओडिशा पहुंचकर गांजा सप्लाई से जुड़े एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया।

6.50 लाख रुपए नकद और वाहन जब्त

पुलिस ने कार्रवाई में करीब 400 किलो गांजा, आयशर वाहन, बाइक, मोबाइल फोन और 6.50 लाख रुपए नकद जब्त किए हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गांजे की सप्लाई चैन की जानकारी जुटा रही है।

मामले में आरोपियों के खिलाफ NDPS Act के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।

नशे के खिलाफ कार्रवाई जारी

गरियाबंद पुलिस द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार वाहन जांच और कार्रवाई की जा रही है। ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत इससे पहले भी देवभोग क्षेत्र में गांजा तस्करी के कई मामलों में कार्रवाई हो चुकी है।

Satyavahak News | गरियाबंद

नोट: आरोपियों के संबंध में लगाए गए आरोप पुलिस की कार्रवाई और उपलब्ध रिपोर्टों पर आधारित हैं। मामले में अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ