![]() |
| रक्तदान करते कलेक्टर महोदय |
महासमुंद। गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर 2026 को महासमुंद जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। अभियान के तहत जिले के विभिन्न विकासखंडों में रक्तदान को लेकर व्यापक स्तर पर आयोजन किए गए। इस दौरान महासमुंद कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने स्वयं रक्तदान कर नागरिकों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर श्री लंगेह ने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने जिले के युवाओं एवं आम नागरिकों से आगे आकर रक्तदान करने और ‘सेवा संकल्प अभियान’ को सफल बनाने की अपील की।
जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता बढ़ाना उद्देश्य
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित इस वृहद रक्तदान अभियान का प्रमुख उद्देश्य जिले के सरकारी ब्लड बैंकों में रक्त की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करना है। इससे थैलेसीमिया एवं सिकलसेल से पीड़ित मरीजों, गर्भवती महिलाओं तथा दुर्घटना में घायल मरीजों को आवश्यकता के समय रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
प्रशासन का लक्ष्य रक्तदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के साथ महासमुंद जिले में नियमित स्वैच्छिक रक्तदान की संस्कृति को मजबूत करना है।
कलेक्टर के रक्तदान से मिला संदेश
कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह द्वारा स्वयं रक्तदान किए जाने को अभियान का महत्वपूर्ण संदेश माना जा रहा है। प्रशासनिक स्तर पर नेतृत्व करते हुए उनके रक्तदान से आम नागरिकों और युवाओं को भी रक्तदान के लिए आगे आने का संदेश मिला है।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से प्रशासन ने रक्तदान को केवल एक आयोजन तक सीमित रखने के बजाय इसे जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने वाली सतत मानवीय सेवा के रूप में आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
सत्यवाहक न्यूज

0 टिप्पणियाँ