महासमुंद। थाना कोमाखान क्षेत्र में बस के अंदर महिला यात्री के करीब ₹2.75 लाख के जेवर, नकदी और मोबाइल चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और CDR एनालिसिस के आधार पर रायपुर निवासी 31 वर्षीय बसंत बाघ को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी से चोरी किए गए सामान में से करीब ₹75 हजार का मशरूका बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, प्रार्थिया संजू कुमारी नायक 27 अगस्त 2026 को रायपुर से राजा खरियार, ओडिशा जाने के लिए जय मातादी बस में सवार थीं। रात करीब 1 बजे ग्राम मौलीमुड़ा स्थित ओम ढाबा, एनएच-353 पर बस रुकी। महिला लघुशंका के लिए बस से नीचे उतरीं और वापस अपनी सीट पर पहुंचीं तो उनका सामान गायब था।

चोरी हुए सामान में करीब ₹30 हजार नकद, ₹5 हजार कीमत का मोबाइल तथा लगभग ₹2.40 लाख के सोने के आभूषण शामिल थे। कुल संपत्ति की कीमत करीब ₹2.75 लाख बताई गई। मामले में थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 102/2026 के तहत धारा 305(ए), 62, 331(4) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और CDR डाटा का विश्लेषण किया। जांच में संदिग्ध आरोपी बसंत बाघ, निवासी आमानाका कुकुरबेड़ा, थाना सरस्वती नगर, रायपुर का सुराग मिलने पर पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने महिला यात्री के सामान की चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर एक मोबाइल, सोने का टॉप और सोने का कर्णफूल बरामद किया गया, जिनकी कुल कीमत करीब ₹75 हजार बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी को 2 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

बरामद सामान

  • सोने का टॉप — करीब ₹25,000
  • सोने का कर्णफूल — करीब ₹45,000
  • मोबाइल — करीब ₹5,000
  • कुल बरामद मशरूका — करीब ₹75,000
  • सत्यवाहक न्यूज:-