पिथौरा पुलिस की कार्रवाई: चोरी के दोनों मोटर पंप बरामद, फरार आरोपी न्यायिक रिमांड पर
महासमुंद | पिथौरा। थाना पिथौरा क्षेत्र के ग्राम खुटेरी में किसान के खेत से दो मोटर पंप चोरी के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम खुटेरी निवासी गुलशन निषाद (27) ने 5 सितंबर 2026 को थाना पिथौरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1 अगस्त की शाम 7 बजे से 2 अगस्त की सुबह 7 बजे के बीच उसके खेत में लगे 2-2 एचपी के दो मोटर पंप, जिनकी कीमत करीब 20 हजार रुपये है, चोरी हो गए।
रिपोर्ट में प्रार्थी ने गांव के ही चेतन निषाद, युगल किशोर साहू और बोधन ध्रुव पर संदेह जताया था। पुलिस ने अपराध क्रमांक 228/26 के तहत धारा 303(2), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने चेतन निषाद और बोधन ध्रुव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने अपने साथी युगल किशोर साहू के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए दोनों मोटर पंप बरामद कर जब्त कर लिए थे।
दोनों आरोपियों को 6 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया था। वहीं घटना के बाद से फरार चल रहे तीसरे आरोपी युगल किशोर साहू उर्फ लालू (20), पिता बाबूलाल साहू, निवासी खुटेरी की पुलिस तलाश कर रही थी।
पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करते हुए 16 सितंबर 2026 को फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई के बाद तीनों आरोपी पुलिस गिरफ्त में
मोटर पंप चोरी के इस मामले में पुलिस ने अब तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चोरी गए दोनों मोटर पंप भी बरामद किए जा चुके हैं।
सत्यवाहक न्यूज

0 टिप्पणियाँ