सांकरा। भारतीय जनता युवा मोर्चा मंडल सांकरा की परिचयात्मक बैठक उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने तथा संगठन की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में भाजयुमो मंडल प्रभारी नितिन जिंदल ने युवाओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सक्रियता और निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया। सह प्रभारी दिनेश अग्रवाल ने प्रत्येक बूथ पर सक्रिय एवं सशक्त कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करने पर जोर दिया।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष कृष्णकुमार साहू ने कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने अनुशासन और सेवा को संगठन की पहचान बताते हुए कार्यकर्ताओं से जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
सरपंच संघ अध्यक्ष सतपाल सिंह छाबड़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों का उल्लेख किया। वहीं भाजपा मंडल अध्यक्ष हलधर साहू ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने के लिए मार्गदर्शन दिया।
भाजयुमो मंडल अध्यक्ष विजय चौधरी ने बैठक का संचालन करते हुए आगामी संगठनात्मक गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने युवाओं से सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। बैठक में महिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की भी सक्रिय सहभागिता रही।
इस अवसर पर भाजयुमो मंडल प्रभारी नितिन जिंदल, सह प्रभारी दिनेश अग्रवाल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष कृष्णकुमार साहू, सरपंच संघ अध्यक्ष सतपाल सिंह छाबड़ा, महामंत्री झाड़ूराम परमार, मनोज बारीक, कवलजीत सिंह छाबड़ा, रोहित नायक, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष विजय चौधरी सहित मंडल के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक का समापन “संगठन सर्वोपरि, राष्ट्र सर्वोपरि” के संकल्प के साथ हुआ। कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
सत्यवाहक न्यूज

0 टिप्पणियाँ