पिथौरा। नशा मुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने और छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपराओं एवं विरासत को करीब से जानकर समाज तक पहुंचाने के उद्देश्य से राजनांदगांव जिले के ग्राम टेका हरदी निवासी श्री भोला विश्वकर्मा विगत 19 अगस्त से पैदल यात्रा पर निकले हैं। वे पूरे छत्तीसगढ़ का भ्रमण करते हुए लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दे रहे हैं।
शनिवार को उनके पिथौरा पहुंचने की जानकारी अग्र सेवा दल को मिली। दल के सदस्यों ने आत्मीयता के साथ उनका स्वागत किया और उनके लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की।
यात्रा के दौरान होने वाली आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अग्र सेवा दल द्वारा उन्हें जरूरी दवाइयां, सूखा नाश्ता एवं अन्य आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। दल के सदस्यों ने उनकी इस सामाजिक एवं जनजागरूकता से जुड़ी पहल की सराहना करते हुए आगे की यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
श्री भोला विश्वकर्मा की यह पैदल यात्रा न केवल नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास है, बल्कि छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, परंपराओं और विरासत को समझने तथा उसे समाज तक पहुंचाने की दिशा में भी एक सराहनीय पहल है।
अग्र सेवा दल, पिथौरा ने कहा कि सामाजिक सरोकारों से जुड़ी ऐसी सकारात्मक पहलों में सहयोग करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सत्यवाहक न्यूज

0 टिप्पणियाँ