पुराने जोंक नदी पुल हादसे में लापता भागीराम साहू की तलाश जारी, प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
महासमुंद/सांकरा। पुराने जोंक नदी पुल पर हुए हादसे में गबौद निवासी श्री भागीराम साहू के नदी में लापता होने के मामले में अब शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हादसे के तीन दिन बाद भी भागीराम साहू का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों और साहू समाज में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
इसी मामले को लेकर आज सांकरा के पुराने जोंक नदी स्थित मंदिर परिसर में साहू समाज एवं क्षेत्रीय ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज ने प्रशासन से तत्काल प्रभावी रेस्क्यू अभियान चलाकर भागीराम साहू की तलाश तेज करने तथा पूरे मामले में जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
SDRF के बाद भिलाई और ओडिशा से पहुंची NDRF की टीमें
बताया गया कि 30 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे कार और बाइक की टक्कर के बाद भागीराम साहू नदी में लापता हो गए थे। घटना के बाद SDRF की टीम द्वारा भागीराम साहू और उनकी बाइक की तलाश शुरू की गई।
बाद में घटना की जानकारी NDRF को दी गई। सूचना मिलते ही भिलाई और ओडिशा से NDRF की टीमें सांकरा पहुंचीं और बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
NDRF के सतीश ठाकुर के अनुसार, मौके पर पहुंचने के बाद टीम को पांच-पांच सदस्यों के अलग-अलग दलों में विभाजित किया गया। पुलिस एवं ग्रामीणों की मदद से हादसे वाली जगह के आसपास से लेकर करीब 15 से 16 किलोमीटर के क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
इस दौरान NDRF की टीम को भागीराम साहू की बाइक बरामद हो गई, लेकिन भागीराम साहू का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। उनकी तलाश लगातार जारी है।
तीन दिन की तलाश के बाद भी SDRF को क्यों नहीं मिली बाइक?
बाइक बरामद होने के बाद अब शुरुआती रेस्क्यू ऑपरेशन को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।
जब NDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर पुल से कुछ ही दूरी वाले क्षेत्र में बाइक बरामद कर ली, तो तीन दिनों तक SDRF की तलाश के दौरान बाइक क्यों नहीं मिली?
क्या हादसे के आसपास के क्षेत्र की पर्याप्त और व्यवस्थित तरीके से तलाशी ली गई थी?
क्या उपलब्ध संसाधनों और तकनीक का प्रभावी ढंग से इस्तेमाल किया गया?
और यदि शुरुआती सर्च ऑपरेशन में हादसे के आसपास का क्षेत्र पूरी तरह खंगाला गया था, तो बाद में NDRF की टीम को बाइक कैसे मिली?
इन सवालों के जवाब अब परिजन और ग्रामीण प्रशासन से मांग रहे हैं।
साहू समाज का अल्टीमेटम, आज 3 बजे तक सुराग नहीं मिला तो चक्काजाम
मामले को लेकर आज सांकरा के पुराने जोंक नदी स्थित मंदिर परिसर में साहू समाज एवं क्षेत्रीय ग्रामीणों की बैठक हुई। समाज ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि हादसे को तीन दिन बीत जाने के बाद भी भागीराम साहू का पता नहीं चल पाया है। इससे परिजनों को भारी मानसिक पीड़ा का सामना करना पड़ रहा है।
साहू समाज ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि आज दोपहर 3 बजे तक भागीराम साहू के संबंध में कोई ठोस सुराग या जानकारी नहीं मिलती है, तो साहू समाज एवं क्षेत्रीय ग्रामीण नेशनल हाईवे-53 पर चक्काजाम कर आंदोलन करेंगे।
समाज की मांग है कि पीड़ित परिवार को न्याय मिले और भागीराम साहू की तलाश के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जाए।
प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी नजर
फिलहाल एक ओर NDRF की टीमें भिलाई और ओडिशा से पहुंचकर भागीराम साहू की तलाश में जुटी हुई हैं, वहीं दूसरी ओर तीन दिन बाद भी लापता व्यक्ति का पता नहीं चल पाने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
अब सवाल सिर्फ भागीराम साहू को खोजने का नहीं, बल्कि यह भी है कि हादसे के बाद शुरुआती तीन दिनों में रेस्क्यू ऑपरेशन कितना प्रभावी रहा और आखिर इतने समय बाद भी परिजनों को अपने प्रियजन का कोई सुराग क्यों नहीं मिल पाया।
अब सबकी नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई और भागीराम साहू की तलाश के परिणाम पर है।

0 टिप्पणियाँ