पिथौरा। भाई-बहन के पवित्र प्रेम और विश्वास के प्रतीक रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर एकल अभियान की दीदियों द्वारा आज पिथौरा पुलिस थाना पहुंचकर पुलिसकर्मियों के साथ रक्षाबंधन का कार्यक्रम आयोजित किया गया।



इस दौरान एकल अभियान की दीदियों ने पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं। पुलिसकर्मियों ने भी इस आत्मीय पहल के लिए दीदियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान थाना परिसर में भाई-बहन के स्नेह और सामाजिक सौहार्द का भाव देखने को मिला। एकल अभियान की दीदियों ने कहा कि पुलिसकर्मी समाज की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। रक्षाबंधन के अवसर पर उनके साथ यह पर्व मनाना उनके प्रति सम्मान और अपनत्व की भावना का प्रतीक है।

इस अवसर पर पुलिस थाना पिथौरा के अधिकारी-कर्मचारी एवं एकल अभियान से जुड़ी दीदियां उपस्थित रहीं। कार्यक्रम ने सामाजिक समरसता, भाईचारे और पुलिस-जनता के बीच आत्मीय संबंधों का सुंदर संदेश दिया।