प्रबंध समिति की महत्वपूर्ण बैठक


महासमुंद। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा महासमुंद की प्रबंध समिति की महत्वपूर्ण बैठक कलेक्टर एवं पदेन अध्यक्ष श्री विनय कुमार लहंगे की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में रेडक्रॉस की सेवा गतिविधियों, आय के स्रोत, सदस्यता विस्तार, ब्लड बैंक, जन औषधि केंद्र तथा भवन एवं कार्यालयीन व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद, सभापति श्री संदीप दीवान, उपाध्यक्ष श्री भूपेंद्र राठौर, सचिव एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव, जिला रेडक्रॉस अधिकारी एवं राज्य प्रतिनिधि डॉ. अशोक गिरी गोस्वामी, कोषाध्यक्ष श्री पारस चोपड़ा सहित प्रबंध समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

क्यूआर कोड से सरल होगी सदस्यता प्रक्रिया

बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए। रेडक्रॉस सदस्यता सूची को अद्यतन करने तथा सदस्यता प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए क्यूआर कोड विकसित करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही सदस्यता विस्तार के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाने, प्रत्येक विकासखंड में अधिकृत प्रतिनिधि नियुक्त करने तथा विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से प्राप्त रेडक्रॉस शुल्क का ऑडिट कराने का निर्णय लिया गया।

ब्लड बैंक की निगरानी के लिए विशेष समिति गठित

जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी के लिए विशेष निगरानी समिति गठित करने का निर्णय लिया गया। वहीं बिना अनुमति रक्तदान शिविर आयोजित करने वालों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

जर्जर रेडक्रॉस भवन की मरम्मत को प्राथमिकता

बैठक में रेडक्रॉस भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए उसकी मरम्मत का कार्य प्राथमिकता से पूर्ण कराने का निर्णय लिया गया। मरम्मत के बाद प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत भवन में सोलर सिस्टम स्थापित करने की बात तय की गई।

इसके अलावा भवन परिसर में मीटिंग हॉल, बाउंड्रीवॉल एवं गेट निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने तथा राशि जारी करने पर भी सहमति बनी।

उद्योगों और निजी संस्थानों को सदस्यता से जोड़ने पर जोर

रेडक्रॉस की आय बढ़ाने के लिए जिले के उद्योगों, खनिज संस्थानों, दवा दुकानों एवं निजी अस्पतालों को रेडक्रॉस की सदस्यता से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। जन औषधि केंद्र में सहायक स्टाफ रखने तथा मेडिकल कॉलेज में नया जन औषधि केंद्र स्थापित करने के संबंध में भी निर्णय लिया गया।

बैठक में रेडक्रॉस की सेवा गतिविधियों को व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने तथा संस्था की सदस्यता और आय के स्रोतों को बढ़ाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए

जन औषधि केंद्र में सहायक स्टाफ रखने, निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में नया जन औषधि केंद्र स्थापित करने तथा जिले में नशामुक्ति अभियान को विशेष प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया।

इसके साथ ही रेडक्रॉस की गतिविधियों एवं उपलब्धियों पर आधारित कॉफी टेबल बुक तैयार करने, कार्यालय में इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने, कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि करने तथा वर्ष 2026-27 के वार्षिक बजट को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।

सत्यवाहक न्यूज:-💐