🔴 LIVE KHABAR
समय --:--:--
●सत्य वाहक न्यूज़ पर ताज़ा खबरें अपडेट हो रही हैं...

पिथौरा में गूंजे ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे, 51 फीट विशाल कांवर और शिव-पार्वती झांकी बनी आकर्षण का केंद्र

 



पिथौरा। सावन के अंतिम सोमवार पर पिथौरा नगर पूरी तरह शिवभक्ति में डूबा नजर आया। नगर में दो अलग-अलग भव्य कांवर यात्राएं निकाली गईं, जिनमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा नगर शिवमय हो गया।

51 फीट विशाल कांवर यात्रा ने खींचा ध्यान

श्री थानेश्वर मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में 51 फीट विशाल कांवर यात्रा निकाली गई। यात्रा की शुरुआत परसापाली जलाशय से पवित्र जल भरकर की गई। श्रद्धालु गगनभेदी ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों के साथ नगर भ्रमण करते हुए आगे बढ़े। विशाल कांवर यात्रा श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही।



शिव-पार्वती की जीवंत झांकी बनी आकर्षण

इसी अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों द्वारा शिव-पार्वती की जीवंत झांकी के साथ कांवर यात्रा निकाली गई। भगवान शिव और माता पार्वती के स्वरूप में सजे स्कूली बच्चों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

जगह-जगह हुआ कांवरियों का स्वागत

कांवर यात्राओं के दौरान नगर के सामाजिक एवं स्वयंसेवी लोगों ने विभिन्न स्थानों पर कांवरियों के लिए जलपान, फल और पेयजल की व्यवस्था की। स्थानीय पुलिस प्रशासन ने भी यातायात व्यवस्था संभालने में सहयोग किया।

थानेश्वर मंदिर में हुआ महा-अभिषेक

दोनों कांवर यात्राएं नगर भ्रमण करते हुए श्री थानेश्वर मंदिर पहुंचीं। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। यहां 11 कलशों के पवित्र जल से भगवान थानेश्वर महादेव का विशेष महा-अभिषेक किया गया। पूजा-अर्चना एवं जयघोष के बीच कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।

इस धार्मिक आयोजन में नगर के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सावन के अंतिम सोमवार पर आयोजित इस आयोजन ने पिथौरा में धार्मिक आस्था और सामाजिक सहभागिता की सुंदर तस्वीर प्रस्तुत की।

✍️ रिपोर्ट: Satyavahak News | पिथौरा, महासमुंद 📍 www.satyavahaknews.com

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ