पिथौरा। राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्य स्मृति के अवसर पर रविवार को पिथौरा के थाना चौक स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय केंद्र में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सेवा और मानवता को समर्पित इस अभियान में 101 लोगों ने रक्तदान कर जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्रह्माकुमारी केंद्र की मुख्य संचालिका पुष्पा दीदी एवं तोमेश्वरी दीदी की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान दादी प्रकाशमणि जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सेवा, समर्पण और मानव कल्याण के संदेश को याद किया गया।
शिविर में युवाओं समेत विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। मेकाहारा रायपुर की मॉडल ब्लड बैंक टीम ने रक्त संग्रहण की जिम्मेदारी संभाली। शिविर में 101 रक्तदाताओं द्वारा रक्तदान किया गया, जिसके बाद आयोजकों की ओर से सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
आयोजकों ने कहा कि रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इस रक्त का उपयोग जरूरतमंद मरीजों, दुर्घटना पीड़ितों तथा थैलेसीमिया और सिकलसेल जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के उपचार में किया जा सकता है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि दादी प्रकाशमणि जी ने अपना जीवन मानव सेवा, शांति और समाज कल्याण के लिए समर्पित किया। उनकी पुण्य स्मृति पर रक्तदान जैसे सेवा कार्य का आयोजन उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का सार्थक प्रयास है।
101 रक्तदाताओं की सहभागिता ने पिथौरा में सेवा, सहयोग और मानवता की मजबूत मिसाल पेश की। यह आयोजन न सिर्फ जरूरतमंदों के लिए रक्त उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रहा, बल्कि समाज के युवाओं को भी मानव सेवा के लिए प्रेरित करने वाला रहा।
Satyavahak News | पिथौरा

.jpg)
0 टिप्पणियाँ