सत्यवाहक न्यूज़ |
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच किसानों के पंजीयन में रकबा शून्य प्रदर्शित होने और भूमि रकबे में त्रुटियों की समस्या को लेकर किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष केशवराम पटेल ने सक्रिय पहल की है। किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए उन्होंने किसान प्रतिनिधियों के साथ संबंधित समिति प्रबंधन से मुलाकात कर रकबा संशोधन के मामलों का प्राथमिकता से निराकरण करने की मांग उठाई।
केशवराम पटेल के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने समिति प्रबंधक के समक्ष किसानों की रकबा संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से रखा। इस दौरान किसान मोर्चा उपाध्यक्ष शिवकुमार चौधरी सहित भूरू चौधरी, मोहनलाल पटेल, लखेराम पटेल, अमर सिंह ठाकुर, लोकेश्वर प्रधान समेत बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पंजीयन में रकबा शून्य दिखाई देने अथवा वास्तविक भूमि रकबे में त्रुटि होने से किसानों को धान विक्रय के समय परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे मामलों का समय रहते सुधार होना आवश्यक है। किसान प्रतिनिधियों की मांग पर समिति प्रबंधक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कंप्यूटर ऑपरेटर छतर सिंह ध्रुव को रकबा संशोधन से संबंधित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
केशवराम पटेल ने किसानों से की अपील
किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष केशवराम पटेल ने क्षेत्र के प्रभावित किसानों से अपील की है कि वे अंतिम समय का इंतजार न करें। अपने बी-1, खसरा, ऋण पुस्तिका एवं आधार कार्ड जैसे आवश्यक दस्तावेजों के साथ तत्काल संबंधित समिति में पहुंचकर रकबा संशोधन की प्रक्रिया पूरी कराएं, ताकि धान खरीदी के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
धान खरीदी के महत्वपूर्ण समय में किसानों की पंजीयन संबंधी समस्याओं को लेकर किसान मोर्चा की यह पहल राहतकारी साबित हो सकती है। हालांकि, अब समिति प्रबंधन की जिम्मेदारी होगी कि प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी किसान को रकबा संबंधी त्रुटियों के कारण अपनी उपज बेचने में परेशानी न उठानी पड़े।
सत्यवाहक न्यूज़ | सत्य के साथ... जनहित के लिए...


0 टिप्पणियाँ