![]() |
| प्रेस वार्ता |
बसना पुलिस और ANTF की संयुक्त कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार; एक आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार
महासमुंद/बसना। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत बसना पुलिस और ANTF की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 28.465 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ओडिशा के बलांगीर से गांजा लेकर मध्यप्रदेश के शहडोल जा रहे थे।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से काले रंग की वेगनआर कार क्रमांक MP 18 Z 8555 तेज रफ्तार से बसना की ओर आ रही है। सूचना पर बसना थाना के सामने पुलिस और ANTF की टीम ने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध कार को नाकाबंदी दिखाई दी तो चालक ने कार मोड़कर तेज गति से भागने का प्रयास किया।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो ग्राम चौर्मभट्टी से मेदनीपुर जाने वाले मार्ग पर कार रोककर आरोपी भागने लगे। पुलिस के मुताबिक, पकड़े जाने और साक्ष्य मिटाने के प्रयास में आरोपियों ने कार के अंदर गांजे से भरी बोरियों में आग लगा दी और कार को लॉक कर दिया।
पुलिस और ANTF टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कार का शीशा तोड़ा। ग्रामीणों की मदद से आग बुझाई गई और गांजे को पूरी तरह नष्ट होने से बचा लिया गया।
कार की तलाशी के दौरान तीन अधजली प्लास्टिक बोरियों से 28.465 किलो गांजा बरामद किया गया। मामले में सुलभ सिंह परिहार (29), निवासी छोटी घोरहटी, थाना नागौद, जिला सतना और सागर कुशवाहा (25), निवासी कोनी टोला, थाना नागौद, जिला सतना को गिरफ्तार किया गया। वहीं शिवा सिंह, निवासी शहडोल (मध्यप्रदेश) जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजा ओडिशा के बलांगीर निवासी विनोद राणा से खरीदकर शहडोल ले जाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट एवं BNS की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
जब्त संपत्ति
- 28.465 किलो गांजा — अनुमानित कीमत ₹14,23,250
- काले रंग की वेगनआर कार — अनुमानित कीमत ₹4 लाख
- 2 मोबाइल फोन — अनुमानित कीमत ₹30 हजार
- कुल जब्त संपत्ति — ₹18,53,250
पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। मामले में गांजा सप्लाई करने वाले कथित स्रोत और पूरे नेटवर्क के संबंध में भी जांच जारी है।
सत्यवाहक न्यूज

0 टिप्पणियाँ