🔴 LIVE KHABAR
समय --:--:--
●सत्य वाहक न्यूज़ पर ताज़ा खबरें अपडेट हो रही हैं...

“जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा पिथौरा, रामलला के दर्शन को 25 तीर्थयात्री अयोध्या रवाना”




पिथौरा। छत्तीसगढ़ सरकार के महत्वाकांक्षी रामलला दर्शन तीर्थयात्रा कार्यक्रम के तहत पिथौरा जनपद पंचायत क्षेत्र से 25 तीर्थयात्रियों का दल अयोध्या के लिए रवाना हुआ। तीर्थयात्रियों को जनपद पंचायत परिसर में समारोहपूर्वक विदाई दी गई। जनपद पंचायत उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल एवं जिला पंचायत सभापति रामदुलारी सिन्हा ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर तीर्थयात्रियों के दल को रवाना किया।

अयोध्या पहुंचकर तीर्थयात्री नवनिर्मित श्रीराम मंदिर में रामलला के दर्शन करेंगे। यात्रा पूर्ण होने के बाद तीर्थयात्रियों के 22 अगस्त को वापस लौटने की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर जनपद पंचायत उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल ने कहा कि रामलला दर्शन योजना प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर एवं पात्र लोगों को सुविधायुक्त यात्रा के जरिए अयोध्या में रामलला के दर्शन का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण देश के करोड़ों सनातनियों की लंबे समय से चली आ रही आस्था और अपेक्षा से जुड़ा विषय रहा है।

उन्होंने राम मंदिर आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने मंदिर निर्माण के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भव्य राम मंदिर निर्माण का सपना साकार हुआ। उन्होंने विपक्षी दलों पर भी राजनीतिक टिप्पणी करते हुए कहा कि मंदिर निर्माण को लेकर विरोध करने वाले दल अब मंदिर से जुड़े विषयों पर सवाल उठा रहे हैं।

तीर्थयात्रियों के रवाना होने के दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों ने तीर्थयात्रियों को मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधि विजयराज पटेल, विकास विस्तार अधिकारी डी.एल. बरिहा, समाज शिक्षा संगठक गुलाब प्रसाद सामल, सहायक विकास विस्तार अधिकारी यशवंत ध्रुव, संजय निषाद सहित जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ